बाड़मेर जिले के चौहटन कस्बे में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ और चौहटन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने विरात्रा सर्किल स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास संचालित मारवाड़ टी एंड कैफे पर छापा मारकर अवैध नशे के कारोबार का खुलासा किया।

सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कैफे से 1.8 किलोग्राम डोडा-चूरा, 75 ग्राम निर्मित अफीम और 3600 रुपये नकद बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कैफे की आड़ में लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जा रही थी।

पुलिस ने मौके से आरोपी कालूराम उर्फ खुमाराम (66), पुत्र बांकाराम, निवासी चौहटन आगौर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।