राजस्थान के अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही मंगेतर को पहले जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक ने खुद भी जहर खा लिया और अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। फिलहाल आरोपी किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल और कार से कई अहम सबूत जुटाए।
पांच साल पहले हुई थी सगाई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती की करीब पांच साल पहले सगाई हुई थी। ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी के अनुसार, आरोपी युवक सोमवार सुबह करीब 8 बजे युवती को उसके घर से अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद दोनों कई घंटों तक घूमते रहे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक युवक पहले से हत्या की साजिश बनाकर आया था और अपने साथ जहर भी लेकर आया था।
पहले जहर, फिर गला दबाकर हत्या
जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले युवती को जहरीला पदार्थ दिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी जहर खा लिया।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी के साथ और कोई मौजूद था या नहीं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच की जा रही है।
दादी को फोन कर बोला- “मैंने जहर खा लिया”
हत्या के बाद आरोपी युवक ने अपनी दादी को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां युवक बेसुध हालत में मिला, जबकि युवती मृत पड़ी थी।
इसके बाद दोनों को तत्काल किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
पिता ने लगाया किडनैप और हत्या का आरोप
मृतका के पिता ने गेगल थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक अपने दोस्तों के साथ घर आया था और उनकी 20 वर्षीय बेटी को जबरन कार में डालकर ले गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने सुनसान पहाड़ी इलाके में ले जाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का खुलासा आरोपी से पूछताछ और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए सबूत
सोमवार देर शाम पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर वारदात में इस्तेमाल कार की जांच की। मंगलवार को भी एफएसएल और एमओB टीम के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को मौके से कई अहम साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
आरोपी से पूछताछ के बाद खुलेंगे कई राज
फिलहाल आरोपी युवक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही हत्या की असली वजह, वारदात की प्लानिंग और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका साफ हो सकेगी।