अजमेर में मंगेतर बना कातिल: युवती को पहले जहर दिया, फिर गला दबाकर हत्या; खुद भी खाया जहर
अजमेर के गेगल थाना इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पांच साल पहले सगाई कर चुके युवक ने अपनी मंगेतर को पहले जहर दिया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी जहर खा लिया। पुलिस एफएसएल और एमओबी टीम के साथ जांच में जुटी है।
राजस्थान के अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही मंगेतर को पहले जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक ने खुद भी जहर खा लिया और अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। फिलहाल आरोपी किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल और कार से कई अहम सबूत जुटाए।
पांच साल पहले हुई थी सगाई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती की करीब पांच साल पहले सगाई हुई थी। ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी के अनुसार, आरोपी युवक सोमवार सुबह करीब 8 बजे युवती को उसके घर से अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद दोनों कई घंटों तक घूमते रहे।