राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिले की श्रीकरणपुर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान और दिग्गज कांग्रेस नेता युवरेंद्र सिंह के इकलौते बेटे जैसल सिंह बराड़ (27) ने शनिवार को संदिग्ध हालात में आत्महत्या कर ली।

युवक ने अपने दादा की लाइसेंसी बंदूक से खुद के सिर में गोली मार ली। घटना के वक्त वह घर पर ही था। पुलिस को मौके से एक संक्षिप्त सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें केवल अंग्रेजी में 'I AM SORRY' लिखा हुआ है।

चाय देने कमरे में पहुंचे नौकर के उड़े होश 

घटना का खुलासा शनिवार शाम करीब 5 बजे के आसपास हुआ। जानकारी के अनुसार, घर का नौकर जब जैसल को चाय देने उसके कमरे में गया, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। बिस्तर पूरी तरह खून से लथपथ था और जैसल का शव वहीं पड़ा हुआ था। नौकर ने घबराकर तुरंत बाहर दौड़ लगाई और परिवार वालों को इस अनहोनी की जानकारी दी। बेटे का शव देखकर घर में कोहराम मच गया।

10 दिन पहले सगाई, घर में थी खुशियां 

जैसल सिंह राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा की तैयारी कर रहा था। महज दस दिन पहले ही उसकी सगाई संपन्न हुई थी, जिसके चलते पूरे परिवार में जश्न और खुशियों का माहौल था। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि जैसल अचानक इतना खौफनाक कदम उठा लेगा। इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से था ताल्लुक 

मृतक जैसल का परिवार इलाके के कद्दावर और प्रतिष्ठित राजनीतिक घरानों में गिना जाता है। उनके पिता युवरेंद्र सिंह साल 2000 से लेकर 2005 तक श्रीकरणपुर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं और कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं। इतना ही नहीं, जैसल के दादा बाघ सिंह भी पूर्व में पंचायत समिति के प्रधान की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच शुरू

श्रीकरणपुर के डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के 5-ओ स्थित आवास पर हुई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गोली चलने की घटना दोपहर लगभग 3:30 बजे की है, जबकि पुलिस को शाम करीब 6 बजे इसकी इत्तला मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शनिवार शाम को ही फोरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर कमरे से जरूरी साक्ष्य और सैंपल जुटाए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दादा की 312 बोर की लाइसेंसी बंदूक और सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है। रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी जिसके चलते जैसल को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।