राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के बिजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बमनुमा वस्तु में जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 5 साल के एक मासूम बच्चे के हाथ और प्राइवेट पार्ट के चीथड़े उड़ गए और उसका पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया। पास ही खड़ी उसकी मां भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
खेत में मिली थी मौत की 'चीज'
जानकारी के अनुसार, बिजराड़ थाना क्षेत्र की नवातला जैतमाल ग्राम पंचायत के भीलों का तला गांव में रविवार को 5 वर्षीय भैराराम खेत में बकरियां चरा रहा था। बच्चे के पिता श्रवण कुमार ने बताया कि बारिश की वजह से खेत में जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। खेलते समय मासूम भैराराम को जमीन में दबी एक गोल बमनुमा वस्तु मिली। नासमझ बच्चा उसे खिलौना समझकर अपने घर ले आया और रख दिया।
पत्थर पर फेंकते ही हुआ जोरदार धमाका
सोमवार सुबह करीब 8 बजे जब बच्चा सोकर उठा, तो वह फिर से उसी बमनुमा वस्तु से खेलने लगा। खेलते-खेलते उसने उस वस्तु को जोर से एक पत्थर पर दे मारा। पत्थर से टकराते ही उस वस्तु में एक भयंकर धमाका हुआ। यह धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल गया।
बच्चे के उड़े चीथड़े, मां भी झुलसी
धमाके की वजह से मासूम भैराराम का पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया। उसके हाथों और प्राइवेट पार्ट का मांस फट गया। धमाके के वक्त बच्चे से कुछ ही दूरी पर खड़ी उसकी मां भी चपेट में आ गई और घायल हो गई। धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आस-पड़ोस के लोग दौड़े आए और आनन-फानन में दोनों को बाड़मेर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया है।
बम था या कुछ और? पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिजराड़ थानाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। अभी तक इसे 'बमनुमा वस्तु' ही बताया जा रहा है। फोरेंसिक जांच और पुलिस की पूरी तफ्तीश के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ब्लास्ट होने वाली वह चीज असल में कोई बम थी या फिर कोई अन्य विस्फोटक सामग्री।