बमनुमा वस्तु से खेलते समय जोरदार धमाका, 5 साल के बच्चे के उड़े चीथड़े, मां भी गंभीर घायल
राजस्थान के बाड़मेर में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। खेत में मिली बमनुमा वस्तु से खेलते समय हुए धमाके में 5 साल का बच्चा और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बच्चे की हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के बिजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बमनुमा वस्तु में जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 5 साल के एक मासूम बच्चे के हाथ और प्राइवेट पार्ट के चीथड़े उड़ गए और उसका पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया। पास ही खड़ी उसकी मां भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
खेत में मिली थी मौत की 'चीज'
जानकारी के अनुसार, बिजराड़ थाना क्षेत्र की नवातला जैतमाल ग्राम पंचायत के भीलों का तला गांव में रविवार को 5 वर्षीय भैराराम खेत में बकरियां चरा रहा था। बच्चे के पिता श्रवण कुमार ने बताया कि बारिश की वजह से खेत में जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। खेलते समय मासूम भैराराम को जमीन में दबी एक गोल बमनुमा वस्तु मिली। नासमझ बच्चा उसे खिलौना समझकर अपने घर ले आया और रख दिया।