बाड़मेर। शहर के जसवेर तालाब के पीछे स्थित सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद गुरुवार शाम को विवाद खड़ा हो गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर बने अस्थायी झोपों और अन्य अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई पूरी होने के बाद अधिकारी वहां से रवाना हो गए, लेकिन कुछ ही देर बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाड़मेर आघोर के सरपंच प्रतिनिधि खेराजराम मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पहले वाहन के दरवाजे खोलने का प्रयास किया। सुरक्षा को देखते हुए खेराजराम ने गाड़ी के दरवाजे अंदर से लॉक कर लिए। इसके बाद गाड़ी पर पथराव शुरू हो गया।
पथराव के दौरान वाहन के शीशे टूट गए और गाड़ी को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही बाड़मेर आघोर के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समर्थक बड़ी संख्या में रीको थाना पहुंचे।
ग्रामीणों और समर्थकों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला गंभीर मामला है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।