बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करने और फोन पर धमकियां देने का मामला सामने आया है। पीड़िता पूनम कंवर ने आरोपी कंवराज सिंह के खिलाफ रामसर थाने में FIR दर्ज करवाई है।

पूनम कंवर पत्नी किशन सिंह, निवासी खारा राठौड़ान (थाना रामसर) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 1 अप्रैल 2026 को शाम करीब 7:30 बजे उनके पति किशन सिंह के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंवराज सिंह बताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मां-बहन की गालियां देते हुए सोशल मीडिया पर अपमानित करने की बात कही। इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है।

पीड़िता ने आगे बताया कि 2 अप्रैल 2026 को एक अन्य मोबाइल नंबर से भी उनके पति को कॉल कर धमकियां दी गईं। आरोपी ने लगातार फोन कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणियां कीं, जिससे परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया गया।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके परिवार को अपमानित किया। आरोपी द्वारा ‘गोला’, ‘दरोगा’, ‘वजीर’ जैसे शब्दों से संबोधित कर सामाजिक रूप से नीचा दिखाने की कोशिश की गई। पीड़िता का कहना है कि इस तरह की हरकतों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

पूनम कंवर ने पुलिस को बताया कि आरोपी की इन हरकतों से उन्हें और उनके पति को जान-माल का खतरा भी महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।