राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद को 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा के लिए भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया।

अब्दुल्लाह ने परीक्षा केंद्र के लिए अपनी प्राथमिकताओं में नागपुर, वर्धा और भंडारा का चयन किया था। इसके बावजूद उन्हें विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित होने से छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई। छात्र का कहना है कि उसके पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में इतनी कम अवधि में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है।

परीक्षा में केवल एक दिन शेष रहने के कारण परिवार मानसिक तनाव में है। इससे पहले आयोजित परीक्षा में छात्र को नागपुर में ही केंद्र मिला था, लेकिन पुनर्परीक्षा के लिए जारी एडमिट कार्ड में अबूधाबी केंद्र दर्शाया गया।

मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि NTA की इस गलती से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं और छात्र के लिए तत्काल संशोधित प्रवेश पत्र जारी किया जाना चाहिए।

छात्र द्वारा NTA हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद एजेंसी ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए सुधार का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार, NTA अधिकारियों ने छात्र को बताया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर उसे नागपुर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा।

डॉ. अनीस अहमद ने बताया कि NTA से संपर्क के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि छात्र को नागपुर का परीक्षा केंद्र आवंटित कर नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। हालांकि, अंतिम समय में हुई इस गलती ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। ऐसे समय में परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई यह चूक चर्चा का विषय बनी हुई है।