'मैं गर्व से कहती हूं कि राजस्थान से हूं...' जोधपुर में निम्रत कौर ने साझा
की संघर्ष और सफलता की कहानी !
बॉलीवुड अभिनेत्री निम्रत कौर ने जोधपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी जिंदगी के कई भावुक और प्रेरणादायक किस्से साझा किए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई उनसे पूछता है कि वे कहां से हैं, तो वे पूरे गर्व के साथ कहती हैं, "मैं राजस्थान से हूं।"
निम्रत कौर ने कहा कि इंसान को अपनी जिंदगी का नायक खुद बनना चाहिए। उन्होंने कहा, "आप अपनी जिंदगी के खुद नायक हैं। इसलिए कभी खुद को जज मत कीजिए और अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाइए।" जोधपुर में बातचीत के दौरान निम्रत कौर ने कहा कि राजस्थान से उनका रिश्ता सिर्फ जन्म का नहीं, बल्कि भावनाओं का भी है। उन्होंने बताया कि जोधपुर उन्हें बेहद पसंद है और जब भी यहां आती हैं तो ऐसा लगता है जैसे अपने घर लौट आई हों। उन्होंने बालसमंद, राजस्थानी संस्कृति और यहां के पारंपरिक भोजन की भी तारीफ की। साथ ही कहा कि वह जल्द ही अपने पैतृक शहर पिलानी भी जाना चाहती हैं।
पिता की सीख आज भी देती है हौसला
बातचीत के दौरान निम्रत अपने दिवंगत पिता को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा कहते थे, "अपने आप को लड़की समझकर कभी कुछ मत करना।" उन्होंने कहा कि उनके पिता ने संघर्षों के बीच नाइट स्कूल में पढ़ाई की, सुबह खेती में परिवार का हाथ बंटाया और कभी हार नहीं मानी।
निम्रत ने बताया कि उनके पिता अक्सर कहते थे, "मेरी बेटी सात बेटों के बराबर है।" यही विश्वास आज भी उन्हें हर चुनौती का सामना करने की ताकत देता है।
पिता की याद में बनवाया टैटू
अपने हाथ पर बने टैटू को लेकर निम्रत कौर ने कहा कि फिल्म द लंचबॉक्स की रिलीज के दौरान उन्हें अपने पिता की बहुत याद आई थी। उसी समय उन्होंने उनकी याद में टैटू बनवाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि यह टैटू उनके लिए सिर्फ एक डिज़ाइन नहीं, बल्कि पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
सम्मान समारोह और फैशन शो में भी रहीं शामिल
जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निम्रत कौर ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने फैशन शो में भी शिरकत की और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
निम्रत कौर का यह दौरा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने संघर्ष, परिवार, पिता से मिली सीख और राजस्थान से जुड़े अपने गहरे रिश्ते को साझा कर लोगों का दिल जीत लिया।