बॉलीवुड स्टार निम्रत कौर का राजस्थान कनेक्शन, मंच से कही ऐसी बात कि गूंज उठीं तालियां !
बॉलीवुड अभिनेत्री निम्रत कौर ने जोधपुर में अपनी जिंदगी, संघर्ष और राजस्थान से जुड़े गहरे रिश्ते पर खुलकर बात की !
'मैं गर्व से कहती हूं कि राजस्थान से हूं...' जोधपुर में निम्रत कौर ने साझा
की संघर्ष और सफलता की कहानी !
बॉलीवुड अभिनेत्री निम्रत कौर ने जोधपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी जिंदगी के कई भावुक और प्रेरणादायक किस्से साझा किए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई उनसे पूछता है कि वे कहां से हैं, तो वे पूरे गर्व के साथ कहती हैं, "मैं राजस्थान से हूं।"
निम्रत कौर ने कहा कि इंसान को अपनी जिंदगी का नायक खुद बनना चाहिए। उन्होंने कहा, "आप अपनी जिंदगी के खुद नायक हैं। इसलिए कभी खुद को जज मत कीजिए और अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाइए।" जोधपुर में बातचीत के दौरान निम्रत कौर ने कहा कि राजस्थान से उनका रिश्ता सिर्फ जन्म का नहीं, बल्कि भावनाओं का भी है। उन्होंने बताया कि जोधपुर उन्हें बेहद पसंद है और जब भी यहां आती हैं तो ऐसा लगता है जैसे अपने घर लौट आई हों। उन्होंने बालसमंद, राजस्थानी संस्कृति और यहां के पारंपरिक भोजन की भी तारीफ की। साथ ही कहा कि वह जल्द ही अपने पैतृक शहर पिलानी भी जाना चाहती हैं।
पिता की सीख आज भी देती है हौसला
बातचीत के दौरान निम्रत अपने दिवंगत पिता को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा कहते थे, "अपने आप को लड़की समझकर कभी कुछ मत करना।" उन्होंने कहा कि उनके पिता ने संघर्षों के बीच नाइट स्कूल में पढ़ाई की, सुबह खेती में परिवार का हाथ बंटाया और कभी हार नहीं मानी।