क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सचिन अपने परिवार के साथ फ्लाइट के अंदर क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। 53 वर्षीय पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने शुक्रवार को यह 31 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया।
वीडियो शेयर करते हुए सचिन ने लिखा, "एटीट्यूड नहीं बदलना चाहिए, भले ऑल्टीट्यूड कुछ भी हो।" उनका यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
वीडियो में सचिन तेंदुलकर उल्टे बल्ले से बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनकी बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक भी इस मजेदार क्रिकेट सेशन का हिस्सा बनीं। सानिया गेंदबाजी करती नजर आती हैं, जबकि उनकी एक गेंद पर सारा तेंदुलकर सचिन का कैच पकड़ लेती हैं। इसके बाद तीनों हंसते हुए इस पल का आनंद लेते दिखाई देते हैं।
सचिन का यह वीडियो दर्शाता है कि क्रिकेट उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है और मैदान के बाहर भी उनका खेल के प्रति जुनून कम नहीं हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद फैंस लगातार इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने भारत के लिए 664 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 15,921 रन और वनडे क्रिकेट में 18,426 रन दर्ज हैं, जो आज भी विश्व रिकॉर्ड हैं।
इससे पहले अप्रैल 2026 में सचिन महाराष्ट्र के पालघर जिले के गुहिर गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने क्लाइमेट स्मार्ट विलेज प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। वहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
फिलहाल फ्लाइट में परिवार के साथ क्रिकेट खेलते सचिन का यह वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है और फैंस इसे क्रिकेट के प्रति उनके अटूट प्यार का शानदार उदाहरण बता रहे हैं।