सोशल मीडिया की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से कई बार उतनी ही तनावपूर्ण होती है। डिजिटल कंटेंट क्रिएटर तियाशा गोस्वामी (Tiyasha Goswami) के हालिया वीडियो ने इस सच्चाई को एक बार फिर सामने ला दिया है। लगातार गिरते फॉलोअर्स और अधूरे सपनों से परेशान होकर तियाशा ने अपने फैंस के सामने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने हताशा में अपने फैंस से अपील की है कि वे उन्हें अनफॉलो न करें।

दूसरों की 'सक्सेस रील्स' देखकर छलक जाते हैं आंसू

तियाशा ने अपने वीडियो में इंस्टाग्राम पर दिखने वाली उस आभासी दुनिया का जिक्र किया, जहां लोग हर महीने 20 लाख रुपये कमाने, कम उम्र में बिजनेस शुरू करने और ढेरों इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने का दावा करते हैं। तियाशा बताती हैं कि ऐसी रील्स उनके सामने भी आती हैं और इन्हें देखकर वह अक्सर रात में रोते हुए सोती हैं। उन्हें लगने लगता है कि वह अपनी जिंदगी में पर्याप्त मेहनत नहीं कर रही हैं। दूसरों की कामयाबी देखकर वह खुद पर शक करने लगती हैं और सोचती हैं कि आखिर वह अपनी लाइफ के साथ कर क्या रही हैं।

'मुंबई जाना था, लेकिन कोलकाता के कमरे में कैद हूं'

अपने विजन बोर्ड (सपनों की लिस्ट) को दिखाते हुए तियाशा ने अपनी नाकामी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह इस साल अपने करियर को नई उड़ान देने के लिए मुंबई शिफ्ट होना चाहती थीं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालात यह हैं कि वह आज भी कोलकाता स्थित अपने घर के एक कमरे तक ही सीमित हैं। वीडियो में उन्होंने निराश होकर कहा, "मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं क्या कर रही हूं। बस इतना जानती हूं कि जो मैं पाना चाहती थी, वो मुझे हासिल नहीं हो पा रहा है।"

2 लाख फॉलोअर्स का था सपना, अब गिर रहा है ग्राफ

तियाशा ने बताया कि पिछले साल नवंबर में उनके इंस्टाग्राम पर 1 लाख फॉलोअर्स पूरे हुए थे। तब उन्होंने 2 लाख (200k) फॉलोअर्स का लक्ष्य रखा था, जो उनके विजन बोर्ड पर आज भी लिखा है। लेकिन अब सितंबर आ चुका है और वह सिर्फ 109k फॉलोअर्स पर अटकी हुई हैं। उल्टा उनके फॉलोअर्स की संख्या लगातार गिर रही है। इस बात से टूटते हुए उन्होंने कहा, "अगर आप लोग मुझसे नफरत करते हैं तो फॉलो मत कीजिए, लेकिन प्लीज मुझे अनफॉलो मत करिए। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल दौर है।"

यूजर्स बढ़ा रहे हैं हौसला

भले ही तियाशा खुद को डिमोटिवेटेड महसूस कर रही हों, लेकिन उनका यह ईमानदार और बिना फिल्टर वाला वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है। उनके इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फैंस कमेंट सेक्शन में उनका हौसला बढ़ाते हुए लिख रहे हैं कि, 'निराश मत हो, तुम बहुत अच्छा कर रही हो, अपनी मेहनत बस ऐसे ही जारी रखो।'