नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan ने आगामी फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। अभिनेता ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म के निर्माण, प्रचार और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि फिल्म उनकी छवि, व्यक्तित्व और सार्वजनिक पहचान का बिना अनुमति इस्तेमाल कर रही है तथा उनके ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ का उल्लंघन कर रही है। 

मामला उस समय और गरमा गया जब फिल्म का टीजर और पोस्टर जारी किया गया। सलमान खान की ओर से अदालत में दायर याचिका में कहा गया है कि पोस्टर और टीजर में दिखाया गया मुख्य किरदार उनकी तरह दिखाई देता है और उसने वैसा ही ब्रेसलेट पहना हुआ है, जो सलमान की पहचान माना जाता है। अभिनेता का दावा है कि यह उनके व्यक्तित्व से सीधे तौर पर जुड़ा संदर्भ है और दर्शकों को यह संदेश देता है कि फिल्म उन्हीं पर आधारित है। 

हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म के निर्माता अमित जानी, निर्देशक और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 19 जून को तय की है। कोर्ट ने फिलहाल फिल्म के पक्षकारों से विस्तृत जवाब दाखिल करने को कहा है। 

क्या है सलमान का आरोप?

सलमान खान का कहना है कि फिल्म कथित तौर पर 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है और इसमें उनके नाम, छवि और पहचान से जुड़े तत्वों का उपयोग किया गया है। अभिनेता का आरोप है कि बिना उनकी सहमति के उनकी सार्वजनिक पहचान का व्यावसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है 

याचिका में यह भी कहा गया है कि दिल्ली हाईकोर्ट पहले ही सलमान खान के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा आदेश दे चुका है, ऐसे में फिल्म का प्रचार-प्रसार उस आदेश का उल्लंघन माना जा सकता है। 

पहले भी भेजा था लीगल नोटिस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान की कानूनी टीम ने अप्रैल 2026 में फिल्म निर्माताओं को एक लीगल नोटिस भेजकर फिल्म के विकास, निर्माण और प्रचार को रोकने की मांग की थी। हालांकि इसके बावजूद फिल्म का प्रचार जारी रहा और हाल ही में इसका टीजर भी रिलीज कर दिया गया। 

फिल्म को लेकर पहले से विवाद

‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ की घोषणा के बाद से ही यह फिल्म विवादों में रही है। फिल्म को कथित रूप से काला हिरण शिकार प्रकरण और उससे जुड़े घटनाक्रमों से प्रेरित बताया जा रहा है। इसी वजह से फिल्म को लेकर लगातार चर्चा और विवाद बना हुआ है। 

अब सबकी नजरें 19 जून को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। यदि अदालत सलमान खान की दलीलों को उचित मानती है तो फिल्म की रिलीज और प्रचार पर अस्थायी रोक लग सकती है। वहीं फिल्म निर्माता अपने पक्ष में अदालत के सामने जवाब पेश करेंगे।