दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के गुदड़िया गांव में दबंगों द्वारा एक परिवार के मकान पर बुलडोजर चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एडिशनल एसपी विनोद सीपा के अनुसार, पीड़ित सीताराम ने शिकायत में बताया कि घटना के समय परिवार के पुरुष एसडीएम कार्यालय गए हुए थे, जबकि घर पर महिलाएं और बच्चियां मौजूद थीं। इसी दौरान आरोपियों ने जेसीबी और लोडर मशीन के साथ पहुंचकर मकान, कच्चे घर और टीन शेड को ढहा दिया।

पीड़ित का आरोप है कि महिलाएं और बच्चियां मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया।

परिवार का कहना है कि 1999 में गांव में दो बीघा जमीन को आबादी क्षेत्र के लिए आवंटित किया गया था और ग्राम पंचायत द्वारा पट्टे भी जारी किए गए थे। हालांकि, बाद में राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी और नक्शे में गलत तरमीम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि भूमाफियाओं ने मिलीभगत से जमीन का गलत नक्शा दर्ज कराया।

वहीं, पीड़ित पक्ष ने यह भी दावा किया कि 2018 में सिविल न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए भूमि पर उनका अधिकार माना था और दबंगों का कोई हक नहीं बताया था। इसके बावजूद कथित तौर पर कब्जे की कोशिशें जारी रहीं।

वकील के अनुसार, प्रशासनिक स्तर पर भी स्थगन आदेश जारी किया गया है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।