दौसा में दबंगों ने परिवार के घर पर चलाया बुलडोजर, महिलाओं की चीख-पुकार, तीन नामजद समेत कई पर केस
दौसा के लालसोट में दबंगों पर परिवार के घर को बुलडोजर से गिराने का आरोप लगा है।
दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के गुदड़िया गांव में दबंगों द्वारा एक परिवार के मकान पर बुलडोजर चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी विनोद सीपा के अनुसार, पीड़ित सीताराम ने शिकायत में बताया कि घटना के समय परिवार के पुरुष एसडीएम कार्यालय गए हुए थे, जबकि घर पर महिलाएं और बच्चियां मौजूद थीं। इसी दौरान आरोपियों ने जेसीबी और लोडर मशीन के साथ पहुंचकर मकान, कच्चे घर और टीन शेड को ढहा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि महिलाएं और बच्चियां मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया।