राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने दो दिवसीय नागौर दौरे के दौरान शनिवार सुबह डेगाना क्षेत्र के तिलानेस गांव पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों का दौरा कर किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ मूंग की फसल की निराई कर श्रमदान किया और खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी ली।
खेत भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने किसान महिलाओं से बातचीत करते हुए समय पर निराई-गुड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आय दोनों बढ़ा सकते हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पैदल गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बुजुर्गों से मुलाकात कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने गांव के तालाब का निरीक्षण भी किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शहीद मोडाराम राजकीय प्राथमिक संस्कृत स्कूल के बाहर आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीण रामलाल ने गांव के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, "हर गांव में ऐसे रामलाल मिलते हैं। औपचारिक बातें नहीं, गांव की वास्तविक जरूरतें बताइए, सरकार उन पर गंभीरता से काम करेगी।"
ग्रामीणों ने चौपाल में जल जीवन मिशन के तहत ढाणियों तक पेयजल पहुंचाने, खेतों के लिए टांकों का निर्माण, किसानों के लिए रास्ते, रामसरी-तिलानेस सड़क निर्माण, संस्कृत विद्यालय के क्रमोन्नयन और गांव के तालाब के विस्तार जैसी मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों का समग्र विकास और किसानों की आय बढ़ाना है। इसके लिए सिंचाई, पेयजल, सड़क, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करने की अपील भी की।
इससे पहले शुक्रवार रात आयोजित ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री ने किसानों, युवाओं और पशुपालकों से संवाद किया था। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि अगले छह महीनों में नागौर जिले के किसानों को दिन के समय कृषि बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, किसानों की मांग पर नागौर में अश्वगंधा मंडी स्थापित करने की संभावना पर भी विचार करने की बात कही।