नागौर दौरे पर खेत में उतरे CM भजनलाल शर्मा, महिलाओं संग की मूंग की निराई... चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर के तिलानेस गांव में खेतों का दौरा कर महिलाओं के साथ मूंग की निराई की।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने दो दिवसीय नागौर दौरे के दौरान शनिवार सुबह डेगाना क्षेत्र के तिलानेस गांव पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों का दौरा कर किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ मूंग की फसल की निराई कर श्रमदान किया और खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी ली।
खेत भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने किसान महिलाओं से बातचीत करते हुए समय पर निराई-गुड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आय दोनों बढ़ा सकते हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पैदल गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बुजुर्गों से मुलाकात कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने गांव के तालाब का निरीक्षण भी किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।