बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार रात महावीर नगर स्थित सिटी सेंटर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए।
शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं पर उठाए सवाल
कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान और जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने कहा कि शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
नेताओं ने नीट, सीबीएसई, ओएसएम और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित विवादों का उल्लेख करते हुए शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर चिंता जताई।
हरीश चौधरी का तंज- 'एनटीए बन गई नेशनल ट्रोमा एजेंसी'
बायतु विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि देश में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) अब "नेशनल ट्रोमा एजेंसी" बन गई है। उनका आरोप था कि लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार प्रभावी कदम उठाने में असफल रही है।
उम्मेदाराम बेनीवाल बोले- पेपर लीक से टूटते हैं सपने
बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि छात्र कठिन परिस्थितियों में परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और अभिभावकों की उम्मीदों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठा रहे
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटा से शुरू हुए "छात्रों की गूंज" अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
युवाओं से आंदोलन से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कांग्रेस नेताओं ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिलाया और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाड़मेर प्रभारी मोहन डागर, पूर्व सभापति दीपक माली, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, एनएसयूआई अध्यक्ष भूपेंद्र मेघवाल, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक भी मौजूद रहे।