राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक खूंखार कुत्ते के हमले से गांव में दहशत फैल गई। सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के बडवेल गांव में घर के आंगन में बैठी एक महिला पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं तथा उनके चेहरे पर करीब 40 टांके लगाने पड़े। इसी कुत्ते ने एक ही दिन में दो अन्य ग्रामीणों को भी घायल कर दिया।
आंगन में बैठी थीं, तभी कुत्ते ने किया हमला
जानकारी के अनुसार बडवेल निवासी हीरा (50), पत्नी मकना, गुरुवार शाम करीब 7 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान एक कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। महिला संभल पाती उससे पहले कुत्ते ने उनके हाथ और चेहरे पर कई जगह काट लिया। हमले में होंठ से गाल तक का हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया।
लोगों ने बचाया, जिला अस्पताल किया रेफर
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सज्जनगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने महिला के चेहरे और हाथ पर करीब 40 टांके लगाए हैं।
एक ही दिन में तीन लोगों पर हमला
108 एम्बुलेंस के पायलट पंकज कुमार जाटव के अनुसार, यही कुत्ता उसी दिन गांव के दो अन्य लोगों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। लगातार तीन लोगों पर हुए हमलों के बाद बडवेल गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
गांव में दहशत, इलाज जारी
घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से खूंखार कुत्ते को पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आगे किसी और पर हमला न हो।