उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के करौली जिले से अस्थि विसर्जन के लिए सोरोंजी (यूपी) जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी हाइवे पर बैक हो रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में दो सगी बहनें और एक चचेरा भाई शामिल है।
सभी पीड़ित करौली जिले के हिंडौन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रेवाई गांव और भरतपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
हाइवे के बीचों-बीच बैक हो रहा था ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार तड़के करीब 3:45 बजे कासगंज-मथुरा रोड पर मोहनपुरा से पहले शिव इंटर कॉलेज कातौर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रक ड्राइवर हाइवे के बीचों-बीच अपने ट्रक को पीछे (बैक) ले रहा था। इसी दौरान अंधेरे में पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। पीछे सो रही सवारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला; झटके से कई लोग 5 फीट दूर जा गिरे, तो कई सीटों के नीचे दब गए।
अस्थि विसर्जन के लिए निकला था परिवार
रेवाई गांव के प्रशासक संतोष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांव के रहने वाले रविंद्र की 80 वर्षीय मां सुआ का 25 अगस्त को बीमारी के चलते निधन हो गया था। उन्हीं की अस्थियों के विसर्जन के लिए परिवार और रिश्तेदार रविवार शाम 5 बजे सोरोंजी तीर्थ स्थल के लिए रवाना हुए थे। पिकअप गाड़ी में 11 पुरुष, 8 महिलाएं और 7 बच्चों सहित कुल 26 लोग सवार थे।
चीख-पुकार के बीच चला रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत कासगंज जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान 2 और लोगों ने दम तोड़ दिया। बाकी 21 घायलों का इलाज कासगंज अस्पताल में ही चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग:
इस दर्दनाक हादसे में उमेश (33), प्रेमवती (35), नेहरू (60), रीना (32) और अंजलि (28) की मौत हो गई है।
ये लोग हुए हैं घायल:
हादसे में घायल हुए 21 लोगों में राजकुमारी (25), सीमा (25), सपना (26), विमलेश (30), रविंद्र (34), चंद्रभान (25), तेजराम (60), मयंक (12), लक्ष्य (11), चिराग (5), कविता (22), कर्मवीर (38), रेयांश (3), प्रियांशी (3), नेतराम (60), कान्हा (2), वंदना (30), रंजीत (33), नैतिक (14) और मैक्स ड्राइवर भूपेंद्र (27) शामिल हैं।
इस घटना के बाद से मृतक के गांव रेवाई में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।