टीवी के मशहूर सीरियल 'महाभारत' में 'भीम' का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर और WWE रेसलर सौरव गुर्जर बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। हैदराबाद पुलिस ने उन्हें मुंबई एयरपोर्ट से कस्टडी में ले लिया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जुडिशियल कस्टडी) में भेज दिया है। एक्टर पर 29 साल की एक महिला ने शादी का झूठा वादा करने, लिव-इन में रहने और करियर बर्बाद करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के मुताबिक, उसकी और सौरव की पहली बातचीत साल 2021 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों ने व्हाट्सएप पर नंबर शेयर किए और उनके बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। महिला ने बताया कि 25 दिसंबर 2021 को उनकी पहली मुलाकात हुई थी।

शादी का वादा और छुड़वा दी अमेरिका की नौकरी

महिला का दावा है कि पहली मुलाकात के दौरान ही सौरव ने उसे पत्नी का दर्जा देने और शादी करने का पक्का भरोसा दिया था। इसके बाद दोनों अमेरिका में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। पीड़िता का कहना है कि सौरव के कहने पर ही उसने अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि एक्टर ने उसे साथ मिलकर एक नया बिजनेस शुरू करने का सपना दिखाया था।

हैदराबाद में रहे साथ, फिर अचानक हो गए गायब

भारत लौटने के बाद भी दोनों साथ रह रहे थे। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक दोनों हैदराबाद में एक साथ रहे। महिला का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती, सौरव उसका नंबर ब्लॉक कर देते और दूरी बना लेते। इस लगातार हो रहे मानसिक तनाव के कारण वह अपने करियर पर भी ध्यान नहीं दे पाई। इसी बीच एक दिन सौरव बिना कुछ बताए अचानक गायब हो गए।

परेशान होकर पीड़िता ने गचीबोवली पुलिस स्टेशन (हैदराबाद) में मामला दर्ज कराया। जांच में जुटी पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करते हुए सौरव को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ लिया।

ऐसा रहा है सौरव गुर्जर का करियर

सौरव गुर्जर ने एक्टिंग की दुनिया में साल 2013 में कदम रखा था। स्टार प्लस के शो 'महाभारत' (2013-14) में भीम के रोल से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके अलावा:

  • 2016-2017: 'संकटमोचन महाबली हनुमान' सीरियल में रावण और बाली का किरदार निभाया।

  • 2022: रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' से बॉलीवुड में शानदार डेब्यू किया।

  • 2025 (फरवरी): तीन साल के ब्रेक के बाद कलर्स टीवी के शो 'शिव शक्ति - तप त्याग तांडव' से टीवी पर वापसी की, जिसमें वे 'स्वार्थ' का किरदार निभा रहे थे।

  • एक्टिंग के अलावा सौरव एक जाने-माने रेसलर भी हैं और WWE रिंग में भी नजर आ चुके हैं।