राजस्थान के अजमेर जिले में जन्मदिन का जश्न कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया। बर्थडे सेलिब्रेशन कर घर लौट रहे एक युवक और दो युवतियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई।

घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भिनाय थाना क्षेत्र के बांदनवाड़ा-खेड़ी पंप के पास हुई। पुलिस के अनुसार तीनों दोस्त बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को भिनाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान झड़वासा निवासी सम्राट नायक (35), किटाप निवासी शिवानी तिवाड़ी (25) और अर्चना जांगिड़ (20) के रूप में हुई है।

बर्थडे मनाकर लौट रहे थे

बांदनवाड़ा चौकी प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि तीनों बांदनवाड़ा लाइब्रेरी में पढ़ाई करते थे। शिवानी तिवाड़ी का जन्मदिन होने के कारण तीनों पास के एक होटल में खाना खाने गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी शिवानी

पुलिस के अनुसार शिवानी अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

चालक फरार, तलाश जारी

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां एक पल में छीन लीं। जन्मदिन की खुशी लेकर निकले तीन दोस्तों की जिंदगी सड़क पर ही थम गई।