बाड़मेर। बाड़मेर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 35 हजार रुपए के इनामी और शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले करीब 15 महीनों से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदल रहा था। उसके खिलाफ बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर जिलों के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को पूछताछ में उससे बड़े वाहन चोरी गिरोह और चोरी की बाइकों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गणेशाराम पुत्र भंवराराम निवासी केसूंबला, थाना गिड़ा है। वह वाहन चोरी के मामलों में वांटेड होने के साथ चार अलग-अलग थानों का स्थायी वारंटी भी है। आरोपी की गिरफ्तारी नागाणा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की।
लगातार बदल रहा था ठिकाना
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर जिले में वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी नितेश आर्य और बायतु डीएसपी शिवनारायण चौधरी के सुपरविजन में नागाणा थानाधिकारी पदमाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और सूचना मिलने पर उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
पहचान बदलकर गुजरात और चूरू में छिपा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पिछले 15 महीनों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह राजस्थान के चूरू और गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में नाम और पहचान बदलकर रह रहा था, ताकि पुलिस उसकी तलाश नहीं कर सके।
कई इलाकों में बाइक चोरी करना कबूला
पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूनाडा, भीमडा, भाडखा, मौखाब, पूनियों का तला, गिड़ा और बाधेवा सहित कई इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
गणेशाराम के खिलाफ थाना नागाणा में 2, थाना ग्रामीण बाड़मेर और शिव में 1-1, बालोतरा जिले के गिड़ा थाने में 3 तथा जैसलमेर जिले के फलसूंड थाने में 2 मामले दर्ज हैं। इन सभी मामलों में वह करीब 15 महीनों से फरार चल रहा था।
35 हजार रुपए का था इनाम
आरोपी की गिरफ्तारी पर कुल 35 हजार रुपए का इनाम घोषित था। बाड़मेर पुलिस ने 23 जनवरी 2026 को उस पर 25 हजार रुपए और बालोतरा पुलिस ने 14 नवंबर 2025 को 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है।