बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस और एटीएस (ATS) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संभावित संबंधों के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एटीएस से मिले इनपुट के आधार पर की गई। फिलहाल आरोपी से पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान बशीर पुत्र आमदन खान (20 वर्ष) निवासी गागरिया गांव, रामसर थाना क्षेत्र, बाड़मेर के रूप में हुई है। बाड़मेर पुलिस अधीक्षक (एसपी) चूनाराम जाट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संबंधों के संकेत मिले हैं। इस आधार पर रामसर थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एटीएस की निगरानी में था सोशल मीडिया नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान एटीएस लंबे समय से सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी से जुड़े अकाउंट्स को फॉलो करने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उनके सोशल मीडिया अकाउंट, चैट, ऑनलाइन संपर्क और डिजिटल गतिविधियों की भी बारीकी से जांच कर रही हैं।
गुजरात में करता था काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बशीर पहले गुजरात में मजदूरी और अन्य काम करता था। कुछ महीने पहले ही वह अपने गांव गागरिया वापस लौटा था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गुजरात में रहने के दौरान उसका किन लोगों से संपर्क हुआ और क्या उसी दौरान उसका कथित रूप से शहजाद भट्टी या उसके नेटवर्क से जुड़ाव हुआ।
कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस और एटीएस इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी का शहजाद भट्टी से संपर्क केवल सोशल मीडिया तक सीमित था या फिर वह किसी अन्य गतिविधि में भी शामिल रहा। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस ने मामले में अधिक जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। पुलिस और एटीएस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।