बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पैसों के लेन-देन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट से छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह घटना शिव थाना क्षेत्र के पुपड़ गांव की है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश अपने बड़े भाई जेटाराम के घर पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत करने गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर जेटाराम ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाया और सुरेश के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जेटाराम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शिव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई खेती-किसानी का कार्य करते थे और लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या फिर अचानक हुए विवाद का परिणाम। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और गांव में शोक का माहौल है।