बाड़मेर में पैसों के विवाद ने छीनी भाई की जान, क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी बड़ा भाई हिरासत में
राजस्थान के बाड़मेर जिले के पुपड़ गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट से छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पैसों के लेन-देन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट से छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना शिव थाना क्षेत्र के पुपड़ गांव की है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश अपने बड़े भाई जेटाराम के घर पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत करने गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर जेटाराम ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाया और सुरेश के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।