बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो व्यापारी के ऑफिस में गैस सिलेंडर फेंककर विस्फोट कर दिया जाएगा और पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। घटना के बाद से व्यापारी का परिवार दहशत में है और घर से बाहर निकलने से भी डर रहा है।

यह मामला श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के दुलचासर गांव का है। पीड़ित व्यापारी के भाई ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

5 और 7 जुलाई को आए धमकी भरे कॉल

शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई और 7 जुलाई को वीरेंद्र चारण नाम के व्यक्ति के मोबाइल से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए सीधे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आरोपी ने कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो व्यापारी और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

ऑफिस उड़ाने और परिवार की हत्या की धमकी

पीड़ित परिवार का आरोप है कि फोन करने वाले ने कहा कि यदि पांच करोड़ रुपये का इंतजाम नहीं हुआ तो व्यापारी के ऑफिस में गैस सिलेंडर फेंककर विस्फोट कर दिया जाएगा। साथ ही पूरे परिवार की हत्या करने की भी धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय के माहौल में जी रहा है और सुरक्षा को लेकर चिंतित है।

पुलिस से सुरक्षा की मांग

धमकियों से परेशान परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत में निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।

पुलिस बोली- शिकायत की जांच जारी

श्रीडूंगरगढ़ थाना प्रभारी (SHO) संध्या विश्नाई ने बताया कि मामले में फिलहाल लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।