राजस्थान के जालोर जिले में भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता और पेशे से वकील नटवर सिंह राजपुरोहित पर बुधवार शाम अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी कार रुकवाकर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरोही रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कार रुकवाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, नटवर सिंह राजपुरोहित बुधवार शाम जालोर कचहरी से अपना काम समाप्त कर कार से अपने गांव सियाणा लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे आकोली और सियाणा के बीच आडवाड़ा गांव के पास सामने से आई एक गाड़ी ने उनकी कार को रुकवा लिया। इसके बाद गाड़ी में सवार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट, हाथ में फ्रैक्चर
हमले में नटवर सिंह राजपुरोहित के सिर पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर घाव हो गया और काफी खून बहा। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा उनके एक हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। आसपास लोगों के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सियाणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सिरोही रेफर कर दिया गया।
घटना के विरोध में देर रात तक धरना
घटना की सूचना मिलते ही सियाणा क्षेत्रपाल व्यापार संघ, राजपुरोहित समाज और बड़ी संख्या में ग्रामीण सियाणा पुलिस चौकी के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात करीब 11 बजे तक धरना दिया।
बाद में बागरा थाना प्रभारी मोहनलाल गर्ग के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि गुरुवार शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। बागरा थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।