राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में देर रात एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां आपसी रंजिश के चलते राजीनामे (समझौते) के लिए बुलाए गए दो भाइयों पर बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में 22 वर्षीय युवक शाकिर की मौत हो गई, जबकि उसका 38 वर्षीय बड़ा भाई कय्यूम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतक शाकिर के घर महज 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था, और अब बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

राजीनामे के बहाने बुलाया, फिर कर दिया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, घटना विद्याधर नगर स्थित मंदिर मोड़ के पास रात करीब 11:30 बजे की है। घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि उनका भट्टा बस्ती निवासी कुछ लड़कों से पुराना विवाद चल रहा था। वारदात से ठीक एक दिन पहले शराब पीने के दौरान दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए कय्यूम को राजीनामे के बहाने मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था। कय्यूम वहां अकेला पहुंचा था, लेकिन वहां का माहौल और गाड़ियों पर बैठे 5-6 लड़कों को देखकर उसने अपने छोटे भाई शाकिर को भी फोन करके मदद के लिए बुला लिया।

जांघ पर चाकू लगने से ज्यादा बहा खून, एसएमएस में तोड़ा दम

जैसे ही शाकिर मौके पर पहुंचा, बातचीत के दौरान विवाद और गहरा गया। इसी बीच दूसरे पक्ष के युवकों ने चाकू निकाल लिए और दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने शाकिर की जांघ पर चाकू से गहरे वार किए, जिससे उसका काफी खून बह गया। बीच-बचाव करने आए कय्यूम पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल शाकिर को तुरंत इलाज के लिए एसएमएस (SMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां अत्यधिक खून बह जाने के कारण रात करीब 2:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।

 संदिग्ध हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार और एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा मौके पर पहुंचे। एसीपी दिलीप कुमार मीणा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चाकूबाजी की इस घटना में मुख्य रूप से कौन-कौन शामिल था।

फिलहाल, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए कुछ युवकों को डिटेन (हिरासत में) किया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।