राजीनामे के बहाने बुलाया, फिर चाकू घोंपकर कर दी युवक की हत्या; 10 दिन पहले बना था पिता
जयपुर के विद्याधर नगर में आपसी रंजिश के चलते शाकिर (22) नामक युवक की चाकू मारकर हत्या। राजीनामे के लिए बुलाकर बदमाशों ने किया हमला। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में देर रात एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां आपसी रंजिश के चलते राजीनामे (समझौते) के लिए बुलाए गए दो भाइयों पर बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में 22 वर्षीय युवक शाकिर की मौत हो गई, जबकि उसका 38 वर्षीय बड़ा भाई कय्यूम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतक शाकिर के घर महज 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था, और अब बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।
राजीनामे के बहाने बुलाया, फिर कर दिया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, घटना विद्याधर नगर स्थित मंदिर मोड़ के पास रात करीब 11:30 बजे की है। घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि उनका भट्टा बस्ती निवासी कुछ लड़कों से पुराना विवाद चल रहा था। वारदात से ठीक एक दिन पहले शराब पीने के दौरान दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए कय्यूम को राजीनामे के बहाने मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था। कय्यूम वहां अकेला पहुंचा था, लेकिन वहां का माहौल और गाड़ियों पर बैठे 5-6 लड़कों को देखकर उसने अपने छोटे भाई शाकिर को भी फोन करके मदद के लिए बुला लिया।