राजस्थान के जोधपुर ग्रामीण इलाके में एक वारदात सामने आई है। रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार के बीच एक क्रूर पति ने अपनी ही पत्नी की हथौड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव की है। हत्यारा पति अपनी पत्नी को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। मृतका के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
रक्षाबंधन से पहले दी थी खौफनाक धमकी: 'कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी'
मृतका गुड्डी के भाई (कापरड़ा हिंगाणिया गांव निवासी महेंद्र भील) ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 27 अगस्त (रक्षाबंधन से एक दिन पहले) को गुड्डी ने अपनी मां को फोन किया था। उसने खुशी-खुशी बताया था कि वह अगले दिन मायके राखी लेकर आएगी। उसी दौरान पास खड़े उसके पति दिनेश ने उसे धमकाते हुए कहा था कि, "कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी।" परिवार को अंदाजा नहीं था कि दिनेश अपनी इस धमकी को सचमुच अंजाम दे देगा।
देवर ने रात में फोन कर दी खौफनाक सूचना
29 अगस्त की रात करीब 11:35 बजे दिनेश के भाई गणपत ने गुड्डी के मायके वालों को फोन किया। उसने बताया कि दिनेश और गुड्डी के बीच भारी झगड़ा हुआ है और दिनेश ने सो रही गुड्डी के सिर पर हथौड़े से जानलेवा वार कर दिया है। गणपत ने घबराते हुए कहा कि उसे नहीं पता कि गुड्डी जिंदा भी है या नहीं, और परिजनों को तुरंत गांव आने को कहा। जब अगले दिन सुबह घबराए हुए परिजन उजलिया गांव पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया।
15 साल पहले हुई थी शादी, पहले तलवार लेकर मारने दौड़ा था
भाई महेंद्र के अनुसार, गुड्डी की शादी करीब 15 साल पहले उजलिया निवासी दिनेश भील से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले और पति दिनेश उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
आरोपी पति का हिंसक बर्ताव कोई नया नहीं था। महेंद्र ने बताया कि इससे पहले भी एक बार दिनेश तलवार लेकर गुड्डी को मारने दौड़ा था। उस वक्त आस-पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी। इस घटना की थाने में रिपोर्ट भी दी गई थी, लेकिन बाद में सामाजिक पंचायत और समझाइश के बाद दिनेश ने माफी मांग ली थी और भविष्य में ऐसी गलती न करने का वादा किया था।
5 बच्चों के सिर से उठा मां का साया, आरोपी पति गिरफ्तार
इस निर्मम हत्या के बाद मृतका के 5 बच्चों (4 लड़कियां और एक लड़का) के सिर से हमेशा के लिए मां का साया उठ गया है।
करवड़ थानाधिकारी परमेश्वरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उजलिया निवासी गुड्डी की 29 अगस्त की रात हत्या की गई थी। मृतका के भाई की शिकायत पर 30 अगस्त को हत्या (Murder) और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दिनेश को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।