राजधानी जयपुर में ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां एक 34 वर्षीय युवक ने अपनी पड़ोसी महिला की धमकियों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान जवाहर नगर के मुकेश नगर निवासी राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जो सांगानेरी गेट स्थित एक साड़ी के शोरूम में काम करता था।

शिप्रापथ थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास से शव बरामद कर जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पत्नी लक्ष्मी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment of Suicide) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अवैध संबंध और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का खेल

पुलिस शिकायत के अनुसार, राजेंद्र चौधरी के पड़ोस में रहने वाली महिला (मुन्ना) के साथ पिछले दो साल से कथित तौर पर अवैध संबंध थे। आरोप है कि महिला ने राजेंद्र का अश्लील वीडियो बना लिया था और उसी के दम पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। पिछले दो सालों में आरोपी महिला राजेंद्र से काफी पैसे और गहने ऐंठ चुकी थी।

पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि करीब आठ दिन पहले रात पौने दो बजे उसने अपने पति और आरोपी महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ, तब राजेंद्र ने ब्लैकमेलिंग की पूरी सच्चाई अपनी पत्नी को बताई थी।

मामला सुलझाने के लिए 8 लाख कैश और गहने लेकर निकला था

29 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे राजेंद्र घर से यह कहकर निकला था कि वह मामले को हमेशा के लिए सेटल करने जा रहा है। उसने पत्नी को बताया कि आरोपी महिला और उसका पति जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और उनसे पीछा छुड़ाने के लिए वह 8 लाख रुपये कैश और सोने-चांदी के गहने लेकर जा रहा है।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब देर शाम आरोपी महिला का पति हाथ में चाकू लेकर राजेंद्र के घर पहुंच गया। घर पर राजेंद्र के न मिलने पर वह धमकियां देते हुए वापस लौट गया।

आखिरी वीडियो कॉल पर रोया, फिर उठाया खौफनाक कदम

29 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे राजेंद्र की पत्नी से वीडियो कॉल पर आखिरी बार बात हुई। उस दौरान राजेंद्र फूट-फूट कर रो रहा था और कह रहा था कि "मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा है।" इसके बाद उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।

30 अगस्त को फनकिंगडम के पास रेलवे ट्रैक पर राजेंद्र का शव मिला। पुलिस को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग से उसकी एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है, जो घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर थी।

पुलिस जांच जारी, आरोपी दंपति फरार

शिप्रापथ थाने के एसआई संदीप बसेरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इधर, राजेंद्र की आत्महत्या की खबर मिलते ही आरोपी दंपति अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।