राजस्थान के धौलपुर जिले में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास जलभराव वाली सड़क पर एक तेज रफ्तार ईको वैन बेकाबू होकर तालाब (पोखर) में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में तीन बच्चों और एक महिला समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे के आसपास हुआ। ईको वैन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें मध्य प्रदेश के मुरैना और धौलपुर के रहने वाले रिश्तेदार शामिल थे। यह सभी लोग फूलपुर स्थित जाहरवीर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण इलाके की सड़कों पर भारी जलभराव था। इसी दौरान वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे सड़क किनारे गहरे तालाब में पलट गई।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, बचाई कई जानें

वैन के पानी में पलटते ही अंदर फंसे बच्चों और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। बिना समय गंवाए ग्रामीणों ने पानी में छलांग लगा दी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वैन के शीशे और गेट खोलकर लोगों को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों की तत्परता से कई लोगों की जान बच गई, जिसके बाद सभी को मनियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।

मां और दो बच्चों समेत 4 की गई जान

सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक ही परिवार की मां और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं।

मृतकों की पहचान:

  • सपना (32 वर्ष): पत्नी शैलेश, निवासी तसीमो (धौलपुर)

  • हर्षित (1 वर्ष): सपना का बेटा

  • प्राची (3 वर्ष): सपना की बेटी

  • दिव्यांश (3 वर्ष): पुत्र पुष्पेंद्र, निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश)

इसके अलावा हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मनियां सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद इनकी गंभीर हालत को देखते हुए धौलपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, 2 लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस कर रही है हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी अनिल गौतम और एएसआई लाखन सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि सड़क पर पानी भरे होने के कारण तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित हुई थी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।