राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी की 'काली कमाई' से खरीदी गई करीब 45 लाख रुपये की संपत्ति पर हथौड़ा चलाया है। पुलिस ने तस्कर की 0.537 हेक्टेयर कृषि भूमि को NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत फ्रीज कर दिया है।
नशे की कमाई से खरीदी थी 45 लाख की जमीन
जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि जिले में तस्करों पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 4 सितंबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल ने अपनी टीम के साथ मिलकर आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू (निवासी वार्ड नंबर 10 उत्तमसिंहवाला, थाना सदर) के खिलाफ यह एक्शन लिया। आरोपी ने चक 7 यूटीएस में नशे के कारोबार से कमाए पैसों से 0.537 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
आय का कोई वैध जरिया नहीं, दर्ज हैं 3 मामले
पुलिस की जांच में यह साफ हुआ है कि आरोपी गगनदीप पिछले कई सालों से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त है। वह एक बड़ा नशा तस्कर है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। साल 2023 में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान जब पुलिस ने उसकी संपत्ति और बैंक लेनदेन को खंगाला, तो पता चला कि आरोपी के पास कमाई का कोई भी लीगल (वैध) साधन नहीं है। उसने यह पूरी संपत्ति केवल नशा बेचकर जुटाई है।
100 किलो डोडा पोस्त के साथ हुआ था गिरफ्तार
आपको बता दें कि 20 अप्रैल 2023 को तत्कालीन एएसआई लखवीर सिंह ने एक बड़ी नाकेबंदी के दौरान आरोपी गगनदीप सिंह और उसके एक साथी मांगीलाल को कार में तस्करी करते पकड़ा था। पुलिस ने इनके पास से 100 किलो डोडा पोस्त बरामद किया था और तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की थी। इसी मामले में थाना सदर हनुमानगढ़ में NDPS एक्ट की धारा 8/15 व 25 के तहत मुकदमा (नंबर 125/2023) दर्ज किया गया था।
आगे भी जारी रहेगी तस्करों पर कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी गगनदीप सिंह द्वारा नशे की कमाई से बनाई गई अन्य संपत्तियों की भी कुंडली खंगाल रही है। अवैध कमाई से बनाई गई हर संपत्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।