जलभराव वाली सड़क बनी मौत का कुआं, तालाब में समाई वैन... 3 मासूमों समेत 4 की दर्दनाक मौत!
राजस्थान के धौलपुर में जलभराव वाली सड़क पर एक ईको वैन के फिसलकर तालाब में गिरने से एक महिला और तीन मासूम बच्चों समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी पीड़ित आपस में रिश्तेदार थे और एक साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
राजस्थान के धौलपुर जिले में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास जलभराव वाली सड़क पर एक तेज रफ्तार ईको वैन बेकाबू होकर तालाब (पोखर) में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में तीन बच्चों और एक महिला समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे के आसपास हुआ। ईको वैन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें मध्य प्रदेश के मुरैना और धौलपुर के रहने वाले रिश्तेदार शामिल थे। यह सभी लोग फूलपुर स्थित जाहरवीर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण इलाके की सड़कों पर भारी जलभराव था। इसी दौरान वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे सड़क किनारे गहरे तालाब में पलट गई।