उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद उसने बाथरूम में नई फर्श बनवा दी और करीब 45 दिनों तक पुलिस तथा परिवार के लोगों को गुमराह करती रही। मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर शक हुआ और उसने बातचीत के दौरान पूरा सच कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे। वह आगरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, दो बेटियों और अपनी मां के साथ रहते थे।

जेठ को हुआ शक, फिर खुला हत्या का राज

सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई को रूबी ने फोन कर उनकी मां और दोनों बच्चों को आगरा से ले जाने के लिए बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर आने से मना कर दिया। बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं।

जब कई दिनों तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस दौरान रूबी पुलिस के साथ पति की तलाश का नाटक करती रही और जांच के दौरान रोती भी थी। शुक्रवार को अनिल शर्मा ने उससे दोबारा बातचीत की और भरोसा दिलाया कि यदि कोई परेशानी है तो वह साथ देंगे। इसके बाद रूबी ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

खीर में नींद की गोलियां मिलाकर हत्या का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने 17 मई की रात खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं। अगले दिन सुबह पति मृत मिले तो उसने घबराकर शव को बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदा और दफना दिया।

इसके बाद वह बच्चों और सास को घर से दूर भेजकर खुद भी कुछ दिनों के लिए राजस्थान चली गई। करीब आठ दिन बाद लौटकर उसने मजदूर बुलवाए और बाथरूम में नई फर्श बनवा दी।

फर्श तोड़ने पर मिला कंकाल

महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम की फर्श तुड़वाई। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद गड्ढा खोदा गया, जहां से शव की जगह केवल कंकाल बरामद हुआ। शव पूरी तरह गल चुका था, इसलिए फॉरेंसिक जांच के लिए कंकाल को सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसीपी अमीषा सिंह ने बताया कि सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी की जांच के दौरान हत्या का खुलासा हुआ। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।