आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन बाद खुला राज; बोली- रोज मारता था इसलिए मार डाला
आगरा में एक महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर फर्श बनवा दी।
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद उसने बाथरूम में नई फर्श बनवा दी और करीब 45 दिनों तक पुलिस तथा परिवार के लोगों को गुमराह करती रही। मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर शक हुआ और उसने बातचीत के दौरान पूरा सच कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे। वह आगरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, दो बेटियों और अपनी मां के साथ रहते थे।
जेठ को हुआ शक, फिर खुला हत्या का राज
सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई को रूबी ने फोन कर उनकी मां और दोनों बच्चों को आगरा से ले जाने के लिए बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर आने से मना कर दिया। बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं।