जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चक महुडी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय किशोर राहुल रोत ने घर के आंगन में कपड़े सुखाने के तार पर रुमाल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार शाम की है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

कोतवाली थाना के हेड कांस्टेबल नारायणलाल खराड़ी ने बताया कि मृतक के पिता गणेश रोत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। गणेश ने बताया कि उनके भाई दिलीप रोत का दो साल पहले एक दुर्घटना में पैर टूट गया था, जिसके बाद वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। दिलीप के तीन बेटों और दो बेटियों में से सबसे बड़ा बेटा राहुल था। रविवार शाम को राहुल अपने छोटे भाई-बहनों के साथ आंगन में खेल रहा था। उस समय उसकी मां मजदूरी के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान राहुल ने कपड़े सुखाने के लिए बंधे तार पर रुमाल से फंदा बनाया और उस पर लटक गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद छोटे भाई-बहनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। खाट पर लेटे पिता ने बाहर देखा तो राहुल फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी है।