'हर महीने 20 लाख की कमाई...' फिर ऐसा क्या हुआ कि कैमरे के सामने जार-जार रो पड़ीं ये इंस्टाग्राम क्रिएटर?
डिजिटल कंटेंट क्रिएटर तियाशा गोस्वामी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स कम होने और अपने अधूरे सपनों को लेकर हताश नजर आ रही हैं। जानिए सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे का असली सच।
सोशल मीडिया की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से कई बार उतनी ही तनावपूर्ण होती है। डिजिटल कंटेंट क्रिएटर तियाशा गोस्वामी (Tiyasha Goswami) के हालिया वीडियो ने इस सच्चाई को एक बार फिर सामने ला दिया है। लगातार गिरते फॉलोअर्स और अधूरे सपनों से परेशान होकर तियाशा ने अपने फैंस के सामने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने हताशा में अपने फैंस से अपील की है कि वे उन्हें अनफॉलो न करें।
दूसरों की 'सक्सेस रील्स' देखकर छलक जाते हैं आंसू
तियाशा ने अपने वीडियो में इंस्टाग्राम पर दिखने वाली उस आभासी दुनिया का जिक्र किया, जहां लोग हर महीने 20 लाख रुपये कमाने, कम उम्र में बिजनेस शुरू करने और ढेरों इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने का दावा करते हैं। तियाशा बताती हैं कि ऐसी रील्स उनके सामने भी आती हैं और इन्हें देखकर वह अक्सर रात में रोते हुए सोती हैं। उन्हें लगने लगता है कि वह अपनी जिंदगी में पर्याप्त मेहनत नहीं कर रही हैं। दूसरों की कामयाबी देखकर वह खुद पर शक करने लगती हैं और सोचती हैं कि आखिर वह अपनी लाइफ के साथ कर क्या रही हैं।