राजसमंद। केलवा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक वन्यजीव के साथ हुए हादसे ने इलाके में हलचल मचा दी। उदयपुर-गोमती फोरलेन पर दुर्गा कुंड के पास करीब रात 8:30 बजे एक मादा लेपर्ड सड़क किनारे मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर केलवा पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग की गश्ती टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
सिर और मुंह के आसपास गंभीर चोट
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार लेपर्ड के मुंह और सिर के आसपास गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन की टक्कर से सिर या खोपड़ी में गंभीर चोट आई होगी। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग ने लेपर्ड की उम्र करीब 4 से 5 साल बताई है। जांच के दौरान उसके पंजे, दांत और नाखून सुरक्षित पाए गए।
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ के कारण फोरलेन पर करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लेपर्ड के शव को सड़क से हटाया।
पोस्टमॉर्टम के बाद स्पष्ट होगी वजह
वन विभाग की टीम शव को पिपरड़ा स्थित वन विभाग की नर्सरी में लेकर गई, जहां नियमानुसार पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि लेपर्ड की जान किस वजह से गई और उसे कितनी गंभीर चोटें आई थीं।
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग के नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।