हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुए एक बड़े गैंगवार ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिसार कोर्ट परिसर में पेशी पर आए कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा (Gangster Vinod Panu) को बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। हमलावरों ने करीब 14 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 10 गोलियां विनोद पानू को लगीं। इस हमले में गैंगस्टर के दो साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि, भागते समय गैंगस्टर के साथियों ने अपनी जान पर खेलकर एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया।

बरी होने के तुरंत बाद हुआ मौत का सामना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हांसी जिले के धुराना का रहने वाला विनोद पानू अपने 11 अन्य साथियों के साथ गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे फॉर्च्यूनर गाड़ी से कोर्ट पहुंचा था। दरअसल, 5 नवंबर 2021 को बरवाला के बधावड़ गांव में रामअवतार पर हुई फायरिंग के मामले में आज कोर्ट का फैसला आना था। इस मामले में कोर्ट ने विनोद पानू और उसके 11 साथियों (मुकेश, प्रदीप, नरेंद्र, बलजीत, संदीप, सुरेंदर, रोहित, कुलदीप, सज्जन, कुलदीप उर्फ बुढ़िया और सागर) को बरी कर दिया था।

बरी होने की खुशी के साथ जैसे ही वे पार्किंग से होकर कोर्ट गेट के अंदर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

कोर्ट परिसर में मची भगदड़, 14 राउंड हुई फायरिंग

अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से कोर्ट परिसर में भारी भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बदमाशों ने 14 राउंड फायर किए। इनमें से 10 गोलियां विनोद पानू के शरीर में धंस गईं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद हांसी के सुल्तानपुर निवासी रविंद्र और भिवानी के मंडोली निवासी योगेश को भी गोलियां लगीं।

घायल पानू और उसके साथियों को तुरंत उसी फॉर्च्यूनर गाड़ी से हिसार के सपरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनोद पानू को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल साथियों का इलाज अभी जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

साथियों ने जांघ में गोली लगने के बावजूद शूटर को पकड़ा

इस खौफनाक वारदात के दो वीडियो भी सामने आए हैं। फायरिंग के बाद जब हमलावर भागने लगे, तो पानू के साथियों ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख एक हमलावर ने दोबारा पार्किंग एरिया में फायरिंग की, जो पानू के एक साथी की जांघ में लगी। लेकिन घायल होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर को मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस ने इस शूटर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

कौन था गैंगस्टर विनोद पानू? 

  • 31 आपराधिक मामले दर्ज: विनोद पानू उर्फ काणा पर दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के 31 से ज्यादा क्रिमिनल केस दर्ज थे।

  • विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या: 24 जनवरी 2014 को हिसार के पुष्पा कॉम्प्लेक्स में प्रॉपर्टी डीलर संजय उर्फ बिट्टू शर्मा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। संजय, मौजूदा विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा के भतीजे थे। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर का मुख्य आरोप विनोद पानू पर ही था।

  • 2017 में हुआ था गिरफ्तार: सीआईए टीम ने विनोद को 2017 में झज्जर के भडावास से गिरफ्तार किया था। हाल ही में वह करनाल जेल से जमानत पर बाहर आया था।

  • इंस्टाग्राम पोस्ट से मिली लोकेशन? सूत्रों का मानना है कि विनोद की इंस्टाग्राम पोस्ट से हमलावरों को उसकी लोकेशन और कोर्ट में पेशी की सटीक जानकारी मिल गई थी।

पुलिस का बयान और वकीलों में भारी आक्रोश

घटना के तुरंत बाद एएसपी मयंक मुदगिल और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया। घटनास्थल से 14 गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि एक आरोपी को काबू कर लिया गया है और वारदात के कारणों व अन्य साजिशकर्ताओं की जांच की जा रही है।

बार एसोसिएशन ने किया वर्क सस्पेंड

इस दिनदहाड़े हुए हत्याकांड से वकीलों में भारी गुस्सा है। हिसार बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया ने इसे पुलिस और हरियाणा सरकार का "टोटल फेलियर" करार दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा का दावा करती है और गैंगवार की आशंका पहले से थी, तो सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे थे? विरोध स्वरूप हिसार बार एसोसिएशन ने शुक्रवार को 'वर्क सस्पेंड' (हड़ताल) रखने का ऐलान किया है।