बाड़मेर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी तोड़कर भागी एक संदिग्ध कार को करीब 20 किलोमीटर पीछा कर धर दबोचा। पुलिस ने कार से 40.05 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडा-पोस्त की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।

नाकाबंदी तोड़कर भागे, जैसलमेर बायपास पर दबोचे

एसपी चूनाराम जाट के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थानाधिकारी देवीचंद ढाका के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वेंटो कार में डोडा-पोस्त भरकर बाड़मेर की तरफ लाया जा रहा है।

इस सूचना पर पुलिस टीम ने सिणधरी-बाड़मेर स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान सिणधरी की ओर से आ रही तेज रफ्तार संदिग्ध कार के चालक ने रुकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ दी और गाड़ी भगा ले गया। पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार जैसलमेर बायपास पर कार को घेरकर रुकवा लिया।

प्लास्टिक के कट्टों में छिपा रखा था नशा

गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा 40.05 किलो अवैध डोडा-पोस्त मिला। पुलिस ने मौके से कार सवार बाबूलाल (निवासी पूनियों की बस्ती, आदर्श चवा) और उसकी सहयोगी पूरों देवी (निवासी गोदारों की ढाणी, पनावड़ा, बायतु) को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

चित्तौड़गढ़ से लाए थे खेप, मुख्य सप्लायर की तलाश

प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह डोडा-पोस्त चित्तौड़गढ़ से लेकर आए थे और नांद गांव निवासी चनणाराम के लिए काम करते हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चनणाराम के खिलाफ सिणधरी, बालोतरा और पिंडवाड़ा थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी पहली बार तस्करी में पकड़े गए हैं। पुलिस अब मुख्य सरगना की गिरफ्तारी और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस सफल कार्रवाई में एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में एसआई जितेंद्र सिंह, एएसआई मेहराराम, दिनेश, केसराराम, डीएसटी हैड कांस्टेबल प्रेमाराम, पूनमचंद समेत कांस्टेबल शंकरसिंह, लाभूराम, मांगीलाल, प्रमोद कुमार, इंद्राज, लुंभाराम, शिवरत्न, महिला कांस्टेबल केसी और मोहनी शामिल रहे।