भारत और आयरलैंड के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी है कि 26 और 28 जून को होने वाले दोनों मुकाबले अब भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे की बजाय शाम 6 बजे से शुरू होंगे।

मैचों की टाइमिंग बदलने का फैसला विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के कार्यक्रम को देखते हुए लिया गया है। 28 जून को भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है, जो शाम 7 बजे से शुरू होगा। दोनों बड़े मुकाबलों के समय में टकराव से बचने के लिए आयरलैंड सीरीज के मैच एक घंटा पहले कराने का निर्णय लिया गया है।

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर रहेंगी नजरें

आयरलैंड दौरे की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। माना जा रहा है कि उन्हें इस सीरीज में भारत के लिए सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका मिल सकता है।

हाल ही में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था। इससे पहले आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा और उन्होंने एक शतक भी जड़ा था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है।

इंग्लैंड सीरीज की टाइमिंग भी बदली

इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया था। मैनचेस्टर और साउथैम्प्टन में खेले जाने वाले दूसरे और पांचवें मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे, जबकि बाकी तीन मैच रात 10 बजे से खेले जाएंगे।

आयरलैंड के बाद इंग्लैंड दौरा

भारतीय टीम पहले 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।

क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब आयरलैंड सीरीज पर टिकी है, जहां युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की उम्मीद की जा रही है।