जयपुर के मुहाना इलाके से लापता हुए एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे उत्तर प्रदेश में सुरक्षित मिल गए हैं। बच्चों के मिलने की सूचना मिलते ही परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस की एक टीम बच्चों के पिता के साथ उन्हें वापस जयपुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार चारों बच्चे घर से निकलते समय गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब 500 से 700 रुपए अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वे ट्रेन में बैठकर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पहुंच गए। वहां से रोडवेज बस के जरिए अयोध्या जाने की कोशिश कर रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस को बच्चों की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस और बस चालक से संपर्क किया गया। बस को रुकवाकर बच्चों को सुरक्षित उतारा गया और वहां रहने वाले उनके एक रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया।

दरअसल, बुधवार दोपहर मुहाना इलाके से एक ही परिवार के चार नाबालिग बहन-भाई अचानक घर से गायब हो गए थे। इनमें 13 वर्षीय लड़की, उसकी 9 वर्षीय बहन, 11 वर्षीय चचेरी बहन और 8 वर्षीय चचेरा भाई शामिल हैं। सभी बच्चे ट्यूशन से लौटने के बाद दोपहर करीब 2 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे।

शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चारों बच्चे मालपुरा गेट की ओर जाते दिखाई दिए। एक जगह वे चूड़ियों की दुकान पर रुककर सामान देखते नजर आए, जबकि दूसरी फुटेज में वे एक ई-रिक्शा के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बच्चों के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हालांकि उत्तर प्रदेश में बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। अब सभी को बच्चों के सकुशल घर लौटने का इंतजार है।

फिलहाल जयपुर पुलिस बच्चों को वापस लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।