जयपुर से लापता 4 बच्चे यूपी में मिले: गुल्लक तोड़कर निकले थे घर से, ट्रेन पकड़कर पहुंच गए सुल्तानपुर
जयपुर के मुहाना इलाके से लापता हुए एक ही परिवार के चार बच्चे उत्तर प्रदेश में सुरक्षित मिले हैं।
जयपुर के मुहाना इलाके से लापता हुए एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे उत्तर प्रदेश में सुरक्षित मिल गए हैं। बच्चों के मिलने की सूचना मिलते ही परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस की एक टीम बच्चों के पिता के साथ उन्हें वापस जयपुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार चारों बच्चे घर से निकलते समय गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब 500 से 700 रुपए अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वे ट्रेन में बैठकर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पहुंच गए। वहां से रोडवेज बस के जरिए अयोध्या जाने की कोशिश कर रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस को बच्चों की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस और बस चालक से संपर्क किया गया। बस को रुकवाकर बच्चों को सुरक्षित उतारा गया और वहां रहने वाले उनके एक रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया।