राजस्थान के बाड़मेर जिले की बेटी दिव्या चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। नेपाल के पोखरा शहर में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल मिनीफुटबॉल फाइव चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि में दिव्या की अहम भूमिका रही, जिससे पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
कोच दिनेश बुरी ने बताया कि दिव्या चौधरी ने इससे पहले महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित राष्ट्रीय मिनीफुटबॉल फाइव चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया था। राष्ट्रीय स्तर पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ।
6 देशों के बीच भारत बना चैंपियन
नेपाल के पोखरा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत समेत छह देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल में भारत ने थाईलैंड को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खिताबी मुकाबले में मेजबान नेपाल को 6 अंकों के अंतर से हराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत में दिव्या चौधरी के शानदार प्रदर्शन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिव्या बोलीं— यह जीत पूरे देश की है
स्वर्ण पदक जीतने के बाद भावुक हुईं दिव्या चौधरी ने कहा,
"यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि मेरे गांव, मेरे माता-पिता और पूरे भारत की जीत है। मैं यह गोल्ड मेडल अपने देश को समर्पित करती हूं।"
उनके इस बयान ने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।
पिता बोले— बेटियों के लिए बनेगी प्रेरणा
दिव्या के पिता ठाकरा राम ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दिव्या की मेहनत और लगन से गांव की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मेहनत और अनुशासन ने दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान !
बाड़मेर के बेरीवाला तला गांव की रहने वाली दिव्या चौधरी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन खेल कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी फुर्ती, रणनीति और टीम के लिए निर्णायक प्रदर्शन ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिव्या की यह सफलता न केवल बाड़मेर और राजस्थान, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।