बाड़मेर की बेटी दिव्या चौधरी ने नेपाल में जीता गोल्ड, भारत को बनाया इंटरनेशनल चैंपियन !
नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल मिनीफुटबॉल फाइव चैंपियनशिप में बाड़मेर की दिव्या चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
राजस्थान के बाड़मेर जिले की बेटी दिव्या चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। नेपाल के पोखरा शहर में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल मिनीफुटबॉल फाइव चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि में दिव्या की अहम भूमिका रही, जिससे पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
कोच दिनेश बुरी ने बताया कि दिव्या चौधरी ने इससे पहले महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित राष्ट्रीय मिनीफुटबॉल फाइव चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया था। राष्ट्रीय स्तर पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ।
6 देशों के बीच भारत बना चैंपियन
नेपाल के पोखरा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत समेत छह देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल में भारत ने थाईलैंड को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खिताबी मुकाबले में मेजबान नेपाल को 6 अंकों के अंतर से हराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत में दिव्या चौधरी के शानदार प्रदर्शन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।