राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान के विकास, सुशासन, संगठनात्मक मजबूती और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

दिया कुमारी ने केंद्रीय विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर राजस्थान के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और सुशासन को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नागेंद्र नाथ त्रिपाठी और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल से भी स्नेहिल भेंट की। इस दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसेवा तथा राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के मुद्दों पर भी मंथन किया गया।

दिया कुमारी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी आत्मीय मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। बैठक के दौरान संगठन के सुदृढ़ीकरण, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा राजस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

राजनीतिक गलियारों में उपमुख्यमंत्री की इन लगातार बैठकों को संगठनात्मक समन्वय और राजस्थान से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संवाद के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा नेतृत्व के साथ हुई इन मुलाकातों को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।