राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में साढ़े चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाली महिला गुड़िया को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला को बच्ची की मां पर अपने पति से बातचीत करने का शक था और इसी कारण उसने मासूम को निशाना बनाया।

खेलते-खेलते बच्ची को घर ले गई आरोपी

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार घटना वाले दिन बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला बच्ची की मां को रोता-बिलखता देखना चाहती थी और इसी मानसिकता के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद शव बेड में छिपाया

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ने हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने बच्ची के कपड़े उतार दिए और शव को कंबल में लपेटकर घर में रखे बेड (दीवान) के अंदर छिपा दिया।

जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर महिला के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंबल में लिपटा मासूम का शव बरामद हुआ।

दम घुटने से हुई मासूम की मौत

मौके पर पहुंची एफएसएल टीम और पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच में बच्ची की मौत दम घुटने से होना सामने आया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

इलाके में आक्रोश, आरोपी को कड़ी सजा की मांग

इस हृदयविदारक घटना के बाद हरमाड़ा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही पूरी चार्जशीट अदालत में पेश की जाएगी।